पत्रकार बलजीत अटवाल।

जयपुर, राजस्थान।
भांकरोटा के पास शुक्रवार सुबह लगभग 6 बजे एलपीजी टैंकर के फटने के हादसे में रिटायर्ड आईएएस करणी सिंह की बुरी तरह से झुलसने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जिन अज्ञात शवों का डीएनए लिया गया था, उनमें से एक शव के डीएनए का मिलान करणी सिंह की बेटी के डीएनए से हुआ है। वे हादसे के कुछ समय पहले ही भांकरोटा स्थित कृषि फार्म से लौट रहे थे, घटनास्थल पर उनकी कार बुरी तरह से जली हुई मिली थी। उनके मोबाइल नंबर की अंतिम लोकेशन भी घटनास्थल की निकली थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि उक्त अज्ञात शव 5 नहीं 4 ही हैं, 1 शव 2 हिस्सों में बंट गया था। इस प्रकार हादसे में कुल 14 नहीं 13 मौतें हुई हैं। शुक्रवार सुबह यहां लाए गए घायलों में से 4 लोगों की मौत हो चुकी थी, शनिवार सुबह 5 बजे 8 अन्य लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, 1 अन्य व्यक्ति की मौत जयपुरिया अस्पताल में हुई थी। इस प्रकार से कुल 13 लोगों की मौत हो चुकी है। 27 लोग एसएमएस हॉस्पिटल में उपचाराधीन हैं।
राजस्थान उच्च न्यायालय ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। एकलपीठ के न्यायाधीश न्यायमूर्ति अनूप कुमार ढांढ ने राज्य सरकार को मामले की जांच कर इस बड़ी दुर्घटना के लिए दोषी पाए गए अधिकारियों को दंडित करने के निर्देश दिए हैं।
न्यायाधीश ने इस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों और घायलों को उचित मुआवजा देने के लिए तत्काल व्यवस्था करने को भी कहा है।